Bihar Crime: नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, किशोर निरुद्ध, दूसरे आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

Bihar Crime:नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप ने इलाके में सनसनी फैला दी है।...

नाबालिग से गैंगरेप - फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप ने इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्रवार रात सामने आए इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को निरुद्ध कर लिया है। पुलिस के मुताबिक निरुद्ध आरोपी विधि-विरुद्ध किशोर है। उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी और संभावित ठिकानों की तलाशी में जुटी हैं।

थानाध्यक्ष रंजन चौधरी के मुताबिक शुक्रवार रात पुलिस को नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और तफ्तीश शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपियों द्वारा घर में दाखिल होकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और पीड़िता तथा उसके परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान ने एसडीपीओ सुजय कुमार की निगरानी में पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जांच के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया।

पुलिस अब दूसरे आरोपी तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दे रही है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल के साथ आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटा रही है। इधर, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी।पुलिस का कहना है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में अब पुलिस के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करना और जांच के जरिए वारदात की पूरी हकीकत सामने लाना। फिलहाल गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार