Bihar Crime: गैस टैंकर में जहरीली खेप का खेल, होली से पहले विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ़्तार

Bihar Crime: होली के मद्देनज़र शराब माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है।

गैस टैंकर में जहरीली खेप का खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: होली के मद्देनज़र शराब माफिया के खिलाफ नवादा पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। रंगों के त्योहार से पहले जाम की गैरकानूनी सप्लाई को नाकाम करते हुए उत्पाद टीम ने गैस टैंकरों में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। हिसुआ के महुली पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी के दौरान यह सनसनीखेज खुलासा हुआ, जिसने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

उत्पाद अवर निरीक्षक न्यूटन की सरपरस्ती में टीम को पुख्ता मुखबिर से खबर मिली थी कि गया रोड के रास्ते नवादा में शराब की खेप दाखिल होने वाली है। सूचना मिलते ही महुली पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी की गई। पहले गैस टैंकर की तलाशी में केबिन से रॉयल स्टैग डिलक्स व्हिस्की के 12 कार्टन (750 ml), 1 कार्टन (375 ml) और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर के 8 कार्टन (500 ml) बरामद हुए। कुल 360 बोतल, यानी 217 लीटर शराब ज़ब्त की गई। चालक सह तस्कर प्रमोद कुमार यादव को मौके से दबोच लिया गया।

इसके फौरन बाद दूसरे गैस टैंकर की भी तलाशी ली गई। इस बार केबिन से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर के 8 कार्टन, रॉयल स्टैग प्रीमियम डीलक्स व्हिस्की के 11 कार्टन (750 ml) और 4 कार्टन (375 ml), मैजिक मोमेंट का 1 कार्टन (750 ml) तथा 8 PM व्हिस्की की 6 बोतलें बरामद हुईं। कुल 438 बोतल, यानी 244.500 लीटर शराब जब्त कर चालक अनुज यादव को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वाराणसी गैस डिपो में टैंकर खाली करने के बाद शराब की खेप लेकर नवादा की तरफ रवाना हुए थे। इस माल को दिदौर इलाके में डिलीवर किया जाना था।

इस कामयाब रेड में सहायक अवर निरीक्षक सुमन भारती, मद्यनिषेध सिपाही मो. इरफान अंसारी, लवली सिंह, गया जी ग्रुप सेंटर से प्रतिनियुक्त जवानों, गृह रक्षक सागर कुमार और सैप बल ने अहम किरदार अदा किया।

होली से पहले शराब तस्करी के इस भंडाफोड़ ने साफ कर दिया है कि पुलिस की नज़रें चौकन्नी हैं अब देखना यह है कि इस गिरोह के पीछे छिपे असली सरगना तक कानून का हाथ कब पहुंचता है।

रिपोर्ट- अमन कुमार