Bihar Crime: नवादा पुलिस ने अवैध शराब भट्टी को किया ध्वस्त, 3 धंधेबाजो को किया गिरफ्तार
Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी है इसक बावजूद शराब की तस्करी कम होती नजर नहीं आ रही है। ....
Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी है इसक बावजूद शराब की तस्करी कम होती नजर नहीं आ रही है। पुलिस के तमाम दावों के बावजूद लाल पानी का खेल खत्म नहीं हो रहा है। ताजा मामला नवादा जिले से है. जहां पकरीबरावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिशनपुर दियौरा बधार के पास स्थित एक अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी की। थाना प्रभारी रंजन कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पूरी फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया और भट्टी को आग के हवाले कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने मौके पर 200 लीटर से अधिक महुआ घोल नष्ट किया और 85 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की। देसी शराब बनाने वाली भट्टी को पूरी तरह ध्वस्त कर आग लगा दी गई। शराब बनाने के उपकरण, जिनमें दो तसला, एक चुलाई मशीन और पैकिंग रैपर शामिल थे, भी बरामद किए गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर तीन शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सरजू यादव, गानु ताँती और गोढो माँझी के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, होली से पहले शराब माफियाओं ने जंगलों और ग्रामीण इलाकों में ऐसी अवैध फैक्ट्रियां स्थापित कर रखी थीं। इन ठिकानों पर महुआ घोल तैयार करने से लेकर शराब की पैकिंग तक का काम एक साथ किया जा रहा था।
नवादा पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जंगल से लेकर सड़क तक, हर संभावित ठिकाने पर पुलिस शिकंजा कस रही है, जिससे शराब माफियाओं के धंधे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। होली के मद्देनजर पुलिस विशेष निगरानी रख रही है।
रिपोर्ट- अमन कुमार