Bihar teacher Crime: बिहार में शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या! घर से निकले गुरु जी का पैईन किनारे मिला शव

Bihar teacher Crime:एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई है।...

शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar teacher Crime: नवादा जिले के रोह प्रखंड में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई है। रसोई गांव निवासी शिक्षक कौशलेंद्र कुमार नवीन का शव सोमवार सुबह मदरा गांव के पास एक पैईन के किनारे बरामद किया गया। मृतक के शरीर, खासकर सिर पर चोट के कई निशान मिले हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या के एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि रविवार की शाम करीब 5 बजे कौशलेंद्र कुमार नवीन रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। उन्हें बाइक से जाते हुए देखा गया था। खास बात यह है कि उनका मोबाइल फोन घर पर ही रह गया था। शाम को घर से निकलने के बाद जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजन परेशान हो गए।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे तक शिक्षक के घर नहीं लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। परिवार और आसपास के लोगों ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उस वक्त उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह मदरा गांव के पास पैईन किनारे शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

शव मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शरीर और सिर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

मृतक की पत्नी रूबी देवी के मुताबिक, उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर शिक्षक की हत्या किसने और क्यों की? क्या हमलावर पहले से उनके परिचित थे या फिर रास्ते में किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया? इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को खंगाल रही है। शिक्षक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार