चोरी करने पहुंचा था चोर, आरामदायक गद्दा देखते वहीं आ गई नींद, सुबह आंख खुली तो सामने थी पुलिस... बिहार में अजब-गजब चोर
बिहार के नवादा से चोरी की कोशिश का एक बेहद अजीब मामला सामने आया है। यहां एक चोर चोरी करने के इरादे से घर में घुसा, लेकिन गद्दा देखते ही उसकी आंख लग गई।सुबह जब घरवालों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
Bihar News : नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र की पुरानी जेल रोड में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। आरोप है कि पवन कुमार के घर में देर रात तीन लोग चोरी की नीयत से घुसे। घर से सोना-चांदी समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी करने के बाद दो लोग वहां से निकल गए, लेकिन तीसरा व्यक्ति कथित तौर पर घर के अंदर ही रह गया।
बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान सामान को एक बोरे में पैक कर रखा गया था। इसी बीच युवक को कथित तौर पर इतनी नींद आई कि वह घर के अंदर ही बिस्तर और गद्दा देखकर उस पर आराम से सो गया। उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस घर में वह चोरी करने आया है, वहीं उसकी नींद पुलिस की गिरफ्त में पहुंचा देगी।
घर के लोगों को घटना की भनक नहीं लगी थी। बाद में परिवार के सदस्य गौरव कुमार की नजर घर के अंदर सोए युवक पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पास में मौजूद अग्निशमन विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे नगर थाना पुलिस अपने साथ ले गई।
परिवार के अनुसार, चोरी का सामान बोरे में पैक करके रखा हुआ था। अनुमान है कि दो अन्य लोग सामान लेकर निकल गए, जबकि नींद आने के कारण तीसरा कथित आरोपी वहीं सो गया। पुलिस अब पकड़े गए युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है और उसके साथियों तथा चोरी गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यही रही कि जिस घर में चोरी करने पहुंचा, उसी घर के गद्दे पर कथित चोर सो गया और नींद खुली तो सामने पुलिस खड़ी थी।
अमन की रिपोर्ट