Bihar Crime: जमीन के टुकड़े पर रिश्तों का कत्ल, नवादा में भाई-बहन के बीच खूनी संग्राम, रोड़ेबाजी और मारपीट से दहला इलाका

Bihar Crime: जमीन बंटवारे को लेकर भाई-बहन के बीच चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।...

जमीन के टुकड़े पर रिश्तों का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड का इलाका उस वक्त जंग के मैदान में तब्दील हो गया, जब जमीन बंटवारे को लेकर भाई-बहन के बीच चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पंपू कल रोड पर हुई इस हिंसक झड़प ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट, धक्का-मुक्की और रोड़ेबाजी में तब्दील हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना उग्र हो गया कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति भी झड़प की चपेट में आकर घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को हटाकर इलाके में शांति बहाल करने की कोशिश की। हालात की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ शुरू की गई।मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि झड़प में शामिल लोग कहां से आए थे और उनकी भूमिका क्या थी। साथ ही पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

नवादा के हुलास कुमार ने बताया कि भाई और बहन के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी तनातनी के बीच दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। उन्होंने कहा कि रोड़ेबाजी और मारपीट की घटना की पुष्टि हुई है।घटना के बाद इलाके में गोलीबारी की भी चर्चा फैल गई थी, लेकिन पुलिस जांच में घटनास्थल से किसी भी प्रकार का खोखा या फायरिंग से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बावजूद पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

इस मामले में नगर थाना में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक पक्ष की ओर से उदय सिंह और दूसरे पक्ष की ओर से अमन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल जमीन के विवाद ने भाई-बहन के रिश्ते को अदालत और थाना तक पहुंचा दिया है, जबकि पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। पुलिस की नजर अब उन सभी लोगों पर है, जिन्होंने इस विवाद को हिंसक रूप देने में भूमिका निभाई।

रिपोर्ट- अमन कुमार