Bihar Crime:हत्या से पहले हथियारों का जखीरा बरामद, तीन कट्टा, एक पिस्टल और 20 कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

Bihar Crime: पुलिस ने हत्या की कथित साजिश को अंजाम दिए जाने से पहले ही दो आरोपितों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टालने का दावा किया है।...

हत्या से पहले हथियारों का जखीरा बरामद- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या की कथित साजिश को अंजाम दिए जाने से पहले ही दो आरोपितों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टालने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुरली गांव निवासी हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार और गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तीनटंगा निवासी सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से तीन देशी कट्टा, एक पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर एसडीपीओ सईम राजा की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई थी। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हीरालाल ने किसी बड़ी वारदात के लिए अपने घर में हथियार छिपाकर रखे हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही उसके भागने की कोशिश की गई, लेकिन जवानों ने उसे दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर घर से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा और 14 कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में पुलिस को सोनू यादव के कथित तौर पर शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद मुरली चौक पर वाहन जांच के दौरान सोनू को एक देशी कट्टा और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच जेल में पहचान हुई थी। जमीन विवाद को लेकर छोटू कुमार से पुरानी अदावत और कथित धमकी के बाद हत्या की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 के हत्या मामले और 2021 के जानलेवा हमले से भी इस विवाद की कड़ियां जुड़ी हैं।

रंगरा थाना कांड संख्या 241/26 दर्ज कर पुलिस हथियारों के स्रोत, साजिश में संभावित अन्य लोगों की भूमिका और आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सोनू यादव पर हत्या, हत्या की साजिश, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 11 मामले दर्ज हैं।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप