Patna Crime: एआई से रची साजिश, आपत्तिजनक तस्वीरों से ब्लैकमेल, धमकियों का खेल… पटना में दो सनसनीखेज वारदातों से मचा हड़कंप

Patna Crime:एक युवक ने एआई तकनीक से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उसे ब्लैकमेल किया, बदनामी की साजिश रची और जान से उठाने की धमकी दी।...

आपत्तिजनक तस्वीरों से ब्लैकमेल- फोटो : X

DESK: पटना में डिजिटल फरेब और सड़कछाप दुस्साहस के दो मामलों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी है। 24 वर्षीय युवती ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया है कि एक  युवक ने एआई तकनीक से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उसे ब्लैकमेल किया, बदनामी की साजिश रची और जान से उठाने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि इन हरकतों से उसकी सामाजिक साख को गहरी ठेस पहुंची है और शादी में भी रुकावट पैदा हो रही है।

आवेदन के मुताबिक, आरोपित जक्कनपुर के नवरतनपुर में किराये के मकान में रहता है। युवती का भाई IIT गुवाहाटी में पढ़ाई कर रहा है, जिसकी जानकारी आरोपी को थी। आरोप है कि घर में वयस्क पुरुष सदस्य न होने का फायदा उठाकर वह गलत नीयत से आने-जाने लगा। विरोध करने पर जबरन घर में घुसना, गाली-गलौज और उठा ले जाने की धमकी देना ये सब उसके तौर-तरीके बन गए। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर धमकाना और रिश्तेदारों को भी फोन कर दहशत फैलाना शिकायत में इन सबका जिक्र है। युवती का दावा है कि एआई से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो उसके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं। लगातार प्रताड़ना से वह और उसकी मां खौफ और मानसिक तनाव में जी रहे हैं।

इधर, शहर के कदमकुआं इलाके में छात्रा से छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपित की पहचान महेशखुंट निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। थानेदार के मुताबिक, छात्रा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है, जबकि आरोपी भी परीक्षा की तैयारी के लिए पटना में रह रहा था। कई दिनों से पीछा करने के बाद उसने रास्ता रोककर छेड़खानी की और फरार हो गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर मुसल्लहपुर इलाके से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

दोनों घटनाएं इशारा करती हैं कि अब जुर्म सिर्फ सड़कों पर नहीं, डिजिटल दुनिया में भी पनप रहा है जहां एआई का दुरुपयोग और महिलाओं के खिलाफ दुस्साहस, दोनों पर सख्त कार्रवाई वक्त की मांग है।