Patna Crime: पटना में ऑटो गैंग का आतंक खत्म! लाइटर गन से लूट करने वाले तीन शातिर दबोचे गए...

Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहगीरों को निशाना बनाने वाले ऑटो गैंग का पर्दाफाश कर दिया है।...

पटना में ऑटो गैंग का आतंक खत्म- फोटो : X

Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए  राहगीरों को निशाना बनाने वाले ऑटो गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। जक्कनपुर थाना पुलिस ने मीठापुर बाइपास पर लाइटर गन दिखाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विक्की कुमार, विकास कुमार और छोटू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल, लूट के 800 रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। साथ ही पिस्टल जैसी दिखने वाली लाइटर गन भी जब्त की गई है, जिससे ये लोग दहशत फैलाते थे।

एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि रविवार को दानापुर से मीठापुर जा रहे एक राहगीर को ऑटो में लिफ्ट दी गई थी। मीठापुर फ्लाईओवर के ऊपर सुनसान जगह देखकर बदमाशों ने हथियारनुमा लाइटर गन दिखाकर उससे 6300 रुपये और मोबाइल छीन लिया। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई।

तफ्तीश के दौरान कुछ ही घंटों में पुलिस को उस ऑटो का नंबर मिल गया, जिसका इस्तेमाल वारदात में हुआ था। टेक्निकल सर्विलांस और छापेमारी के जरिए तीनों बदमाशों को दबोच लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देता था। इनके साथी पहले से ऑटो में यात्री बनकर बैठ जाते थे और जैसे ही कोई अकेला शख्स सवार होता, उसे सुनसान जगह पर लूट लिया जाता था।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।