Patna Crime:पटना में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाढ़ में लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत करना पड़ा महंगा, पुलिस पर गंभीर आरोप

Patna Crime: कुछ लोगों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर हंगामा किया। पीड़ित परिवार का इल्जाम है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ दो राउंड गोलीबारी भी की।...

पटना में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के ढकवाहाचक गांव में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब कुछ लोगों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर हंगामा किया। पीड़ित परिवार का इल्जाम है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ दो राउंड गोलीबारी भी की। इतना ही नहीं, विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खौफजदा है।

परिजनों के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने वाले युवक गांव के ही रहने वाले हैं। परिवार का आरोप है कि करीब दस दिन पहले उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ की गई थी। उस वक्त युवती पर्व को लेकर गाय का गोबर लाने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की। इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

परिवार का दावा है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने देर रात उनके घर के पास पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। जब घरवालों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने तोड़फोड़ की और कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि करीब तीन साल पहले दीपावली के मौके पर भी आरोपियों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी।

पीड़ित परिवार के सदस्य सोनू कुमार ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

वहीं, बाढ़ थानाध्यक्ष पूर्णेन्दु कुमार ने बताया कि ढकवाहाचक गांव में ऐसी किसी वारदात की सूचना थाने को नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित परिवार को कब इंसाफ मिलता है।

ब्यूरो रिपोर्ट