Bihar Crime: नशेड़ी ने लोहे के चपाड़ से दो लोगों पर किया हमला, युवक को बिजली के खंभे से बांधकर भीड़ ने कर दी धुनाई

Bihar Crime: नवादा जिले में कानून को हाथ में लेने और भीड़ की हिंसा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।...

Bihar Crime: नशेड़ी ने लोहे के चपाड़ से दो लोगों पर किया हमल
शेड़ी ने लोहे के चपाड़ से दो लोगों पर किया हमला, युवक को बिजली के खंभे से बांधकर भीड़ ने कर दी धुनाई- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले में कानून को हाथ में लेने और भीड़ की हिंसा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिरदला थाना क्षेत्र के ढाब गांव में मामूली विवाद के बाद ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

जानकारी के मुताबिक, युवक पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने का आरोप है। बताया जाता है कि वह गांव में नशे में धुत होकर लोगों के साथ बदसलूकी कर रहा था। इस हरकत का कुछ लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।स्थानीय जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान लोहे के चपाड़ से हमला किए जाने की बात सामने आई है। इस हमले में दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने कथित तौर पर युवक को खदेड़कर पकड़ लिया और रस्सी के सहारे बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई।

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। किसी व्यक्ति पर गाली-गलौज या हमला करने का आरोप हो, तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए। इस तरह सार्वजनिक रूप से बांधकर पीटना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।

घटना की खबर मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम ढाब गांव पहुंची। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गई। वहीं, हमले में घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल सिरदला थाना की पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। विवाद की असली वजह, मारपीट में शामिल लोगों और युवक के खिलाफ लगे आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस की तफ्तीश के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर मामूली विवाद में लोग कानून का रास्ता छोड़कर हिंसा पर क्यों उतारू हो जाते हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार