Bihar Police: बिहार में पुलिस टीम पर फिर पथराव और हमला, महिला सिपाही समेत 5 जवान घायल, 3 गिरफ्तार
Bihar Police: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया।...
Bihar Police: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। भोजपुर जिले में बिहिया थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में पटाखा छोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग और पुलिस पर पथराव तक पहुंच गया। इस वारदात में महिला सिपाही समेत पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। मामले में भोजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया है।
घटना 8 नवंबर की शाम की है। बिहिया पुलिस को सूचना मिली थी कि पकड़ी गांव में मुसी उर्फ यश कुमार और राजू कुमार सिन्हा के बीच पटाखा छोड़ने को लेकर विवाद हो गया है। इसी दौरान मुसी उर्फ यश कुमार ने राजू कुमार सिन्हा पर दो राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, राजू कुमार सिन्हा बाल-बाल बच गए।
फायरिंग की खबर मिलने के बाद पुलिस टीम तफ्तीश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए। इसके बाद जब टीम आरोपियों के घर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि घर का मुख्य दरवाजा बंद कर गाली-गलौज की गई और छत से पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी और उन्हें सीढ़ियों से नीचे धकेलने की कोशिश की।
हालात बिगड़ने पर वरीय अधिकारियों को खबर दी गई। इसके बाद जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहिया अंचल पुलिस निरीक्षक और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से घर का दरवाजा खुलवाया। पुलिस ने हाथ में पत्थर लिए छत पर मौजूद एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया और फिर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की।
पुलिस विज्ञप्ति में गिरफ्तार आरोपियों में मुसी उर्फ यश कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय उपेंद्र सिंह और सरल कुमार सिंह (25 वर्ष), पिता किशुन सिंह, दोनों निवासी पकड़ी गांव, थाना बिहिया, भोजपुर का नाम दिया गया है।इस मामले में बिहिया थाना कांड संख्या 387/26, दिनांक 9 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपराधिक वारदात या संदिग्ध गतिविधि की सूचना फौरन पुलिस को दें।
रिपोर्ट- आशीष कुमार