Bihar Crime: बख्तियारपुर में गोलू की हत्या का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, गंगा में दफ्न हो गया राज?
Bihar Crime: बख्तियारपुर रवाईच निवासीकी गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।...
Bihar Crime: बख्तियारपुर रवाईच निवासी गौरव कुमार उर्फ गोलू की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गौरव की गोली मारकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके शव को गंगा नदी के बीच धार में फेंक दिया गया। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में लाइनर की भूमिका निभाने वाले राकेश कुमार और नाविक मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपित सालिमपुर थाना क्षेत्र के ग्यासपुर महाजी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात वाले दिन अपराधियों ने राकेश कुमार से संपर्क किया था। इसके बाद गंगा नदी पार करने के लिए नाव का भाड़ा तय किया गया। राकेश ने अपराधियों को घोसवरी में नाव उपलब्ध कराई। इस नाव को उसका भाई मुकेश कुमार चला रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी नाव पर गौरव कुमार उर्फ गोलू को लेकर आरोपित गंगा नदी में आगे बढ़े।
बताया गया कि जब नाव चिरैया के सामने गंगा की बीच धारा में पहुंची, तभी आरोपितों ने गौरव को गोली मार दी। हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस अब तक शव बरामद नहीं कर सकी है। शव की तलाश के लिए मछुआरों और एसडीआरएफ की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इधर, गिरफ्तार नाविक और उसके भाई की निशानदेही पर पुलिस ने नाव की तलाशी ली। इस दौरान नाव पर खून के धब्बे मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने इन नमूनों को जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट से मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की असली वजह और वारदात में शामिल कुल अपराधियों की संख्या का खुलासा नहीं हो सका है। इसको लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस की तफ्तीश जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा। गौरव की हत्या की खबर सामने आने के बाद रवाईच गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का बुरा हाल है और ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।