Patna Crime: होली के जश्न में गोलियों की गूंज, पटना में सरेशाम फायरिंग, युवक जख्मी
Patna Crime: राजधानी पटना में रंग और उमंग के बीच अचानक बारूद की बू फैल गई।...
Patna Crime: राजधानी पटना में रंग और उमंग के बीच अचानक बारूद की बू फैल गई। बाढ़ अनुमंडल के गुलाबबाग चौक पर होली मिलन समारोह के दौरान सरेआम फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जश्न का माहौल देखते ही देखते खौफ और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया।
वारदात में करण उर्फ छोटू नामक युवक गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गया। घायल युवक लहरिया पोखर का निवासी बताया जा रहा है। उसे पहले अनुमंडल अस्पताल में दाखिल कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल राजधानी में उसका इलाज जारी है।
मिली इत्तिला के मुताबिक गुलाबबाग चौक के समीप एक शोरूम के उद्घाटन के साथ होली मिलन समारोह आयोजित था। रंग, अबीर-गुलाल और मुबारकबाद के बीच अचानक दो गुटों के दरम्यान कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते तकरार तनातनी में बदल गई। चश्मदीदों का कहना है कि करण उर्फ छोटू हालात को काबू में करने और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के लिए आगे बढ़ा था।
इसी दरम्यान माहौल गरमा गया और एक पक्ष ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। एक गोली सीधे करण के घुटने में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग होते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। जख्मी युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।
इत्तला मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल वारदात के पीछे की असल वजह पर पर्दा बरकरार है, लेकिन इस खूनी खेल ने त्योहार की खुशियों पर स्याह साया जरूर डाल दिया है।