Patna Crime: बोरिंग रोड कैश कांड का पर्दाफाश, पुलिस ने 16 लाख लेकर फरार चालक समेत तीन दबोचे, साढ़े चार साल बाद पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

Patna Crime: राजधानी में सनसनी मचाने वाले सीएमएस कंपनी के कैश वैन से 16 लाख रुपये उड़ाने के मामले में आखिरकार कानून का शिकंजा कस ही गया।

बोरिंग रोड कैश कांड का पर्दाफाश- फोटो : social Media

Patna Crime: राजधानी में सनसनी मचाने वाले सीएमएस कंपनी के कैश वैन से 16 लाख रुपये उड़ाने के मामले में आखिरकार कानून का शिकंजा कस ही गया। साढ़े चार साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी चालक समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 31 अगस्त 2021 को बोरिंग रोड इलाके में हुई इस वारदात ने उस वक्त शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए थे।

मामले की तफ्तीश कर रही एसके पुरी थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक और उसके दो सहयोगियों को धर दबोचा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के दिन सीएमएस कंपनी की कैश वैन बैंक से नकदी लेकर लौट रही थी। इसी दौरान सुनियोजित साजिश के तहत 16 लाख रुपये गायब कर दिए गए और आरोपी फरार हो गए।

वारदात के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, लेकिन आरोपी लंबे समय तक पुलिस को चकमा देते रहे। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी चालक ने अपने पद और भरोसे का नाजायज फायदा उठाया। अंदरूनी मिलीभगत और साजिश के तहत नकदी लेकर फरार होने की प्लानिंग पहले से की गई थी।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई अहम खुलासों के संकेत मिले हैं। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि चोरी की रकम कहां खपाई गई और क्या इस गिरोह के तार अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं।

चार साल से ज्यादा समय बाद हुई इस गिरफ्तारी को पुलिस अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध चाहे जितना पुराना क्यों न हो, कानून की पकड़ से बचना नामुमकिन है। फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।