Patna crime:पटना में थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर खूनी संघर्ष, आधी रात दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और चाकू, कई घायल

Patna crime:पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब टमटम पड़ाव स्थित मुख्य सड़क पर बजरंगबली मंदिर के समीप दो गुटों के बीच खूनी भिड़ंत हो गई। ..

पटना में बवाल - फोटो : reporter

Patna crime:पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब टमटम पड़ाव स्थित मुख्य सड़क पर बजरंगबली मंदिर के समीप दो गुटों के बीच खूनी भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में तब्दील हो गई और सड़क पर बेल्ट, तलवार और चाकू लहराने लगे। दोनों पक्षों के बदमाशों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच पहले तीखी बहस हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ ही मिनटों में सड़क जंग के मैदान में बदल गई। वायरल वीडियो में कई युवक खुलेआम तलवार और चाकू लेकर एक-दूसरे का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मारपीट के दौरान एक युवक ने पिस्टल भी निकाल ली थी। हालांकि गनीमत रही कि गोली नहीं चली, वरना मामला और भी संगीन हो सकता था।

घटना के बाद पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल कायम हो गया। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि राहगीर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह खूनी संघर्ष फुलवारी शरीफ थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुआ, लेकिन पुलिस मौके पर समय रहते नहीं पहुंच सकी। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर वाल खड़े हो रहे हैं।

विवाद की असली वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि टेंपो चालकों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि जोगिया टोली गली में सक्रिय अवैध नशा कारोबार से जुड़े तत्वों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के कारण यह खूनी बवाल हुआ। इलाके में शराब, गांजा और स्मैक के अवैध कारोबार को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो को खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट - सुमित कुमार