Patna Crime: कमांडेंट की मां को घंटों बंधक बनाकर लाखों की लूट, घर से नकदी-जेवर समेटकर फरार हुए बदमाश
Patna Crime: अपराधियों ने दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।
Patna Crime: बाढ़ अनुमंडल के एनटीपीसी थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर में अपराधियों ने दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। हथियारबंद बदमाशों ने एक कमांडेंट की करीब 60 वर्षीय मां तनुजा देवी को घर में बंधक बनाया और घंटों तक आतंक के साये में रखने के बाद लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बाढ़ एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव एफएसएल की जांच टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घर के अंदर बारीकी से छानबीन की। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में तीन बदमाशों के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि अपराधियों की संख्या और उनकी पूरी भूमिका का स्पष्ट खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
लूट के दौरान बदमाशों ने महिला को कथित तौर पर बांध दिया था। एफएसएल टीम ने महिला के मुंह और हाथ बांधने में इस्तेमाल किए गए कपड़े को भी जांच के लिए देखा और उससे संभावित सुराग जुटाने की कोशिश की। इसके अलावा घर के अलग-अलग हिस्सों की जांच कर अपराधियों के फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस की जांच में घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले ही सीसीटीवी खराब था। एफएसएल टीम ने कैमरे और उसके सिस्टम की भी जांच की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैमरा तकनीकी खराबी के कारण बंद था या इसके पीछे कोई और वजह थी।
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया तीन बदमाशों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। महिला घायल हुई हैं और उनका इलाज पटना में चल रहा है। उनके स्वस्थ होने के बाद पुलिस को घटना की पूरी जानकारी मिल सकेगी। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से भी अपराधियों के संभावित रास्तों और सुरागों की तलाश कर रही है।
तनुजा देवी के बेटे राणा प्रिंस कुमार उत्तर प्रदेश में कमांडेंट के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। मां के साथ हुई वारदात की खबर मिलने के बाद वह पटना पहुंचे और उनके इलाज की व्यवस्था में जुटे हैं।फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों, डॉग स्क्वायड और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। दिनदहाड़े/रात में घर में घुसकर महिला को बंधक बनाने और लाखों की संपत्ति लूटने की इस वारदात ने बाढ़ अनुमंडल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रविशंकर कुमार की रिपोर्ट