Patna Crime: पटना में अपराधी बेखौफ ,दुकानदार की दो गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

Patna Crime: पटना और आसपास के इलाकों में अपराधियों का मनोबल कम होता नजर नहीं आ रहा है।...

पटना में अपराधी बेखौफ- फोटो : reporter

Patna Crime:  पटना और आसपास के इलाकों में अपराधियों का मनोबल कम होता नजर नहीं आ रहा है। आए दिन हत्या, गोलीबारी और लूट जैसी वारदातों से लोगों में खौफ का माहौल है। ताजा मामला बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मेला में दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान ललन पुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ललन दक्षिणीचक के पास आयोजित मेला में दुकान लगाते थे। देर रात मेला खत्म होने के बाद वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद ललन गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों के मुताबिक ललन को दो गोलियां मारी गई थीं। चिकित्सक ने भी शरीर पर दो गोली लगने की बात बताई है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के ही रहने वाले शंकर कुमार से ललन का पहले से विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि शंकर कुमार ने ललन को कई बार धमकी भी दी थी और इस संबंध में अथमलगोला थाने में शिकायत भी की गई थी।

परिजनों का कहना है कि पूर्व विवाद और धमकी के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब मेला से लौटते वक्त हुई हत्या के बाद परिवार ने पुराने विवाद को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं। हालांकि हत्या की असली वजह और वारदात में किसकी संलिप्तता है, यह पुलिस की तफ्तीश के बाद ही साफ हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है।

देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अपराधियों पर जल्द शिकंजा नहीं कसा गया तो लोगों का पुलिस-प्रशासन से भरोसा और कमजोर होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा आरोपियों की पहचान का इंतजार है।

रविशंकर कुमार की रिपोर्ट