Patna Cyber Crime:सावधान! शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच पड़ सकता है भारी, पटना में 52 करोड़ की साइबर ठगी से हड़कंप, पढ़िए बचने का तरीका

Patna Cyber Crime: सोशल मीडिया पर दिखने वाले मोटे मुनाफे के स्क्रीनशॉट, नामी उद्योगपतियों के वीडियो और वीआईपी ट्रेडिंग ग्रुप के चमकदार दावे दरअसल साइबर अपराधियों का खतरनाक जाल हो सकते हैं।...

शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच पड़ सकता है भारी- फोटो : Hiresh Kumar

Patna Cyber Crime: शेयर बाजार में रातोंरात अमीर बनने का सपना कहीं आपकी जिंदगी भर की कमाई को बर्बाद न कर दे। सोशल मीडिया पर दिखने वाले मोटे मुनाफे के स्क्रीनशॉट, नामी उद्योगपतियों के वीडियो और वीआईपी ट्रेडिंग ग्रुप के चमकदार दावे दरअसल साइबर अपराधियों का खतरनाक जाल हो सकते हैं। इसमें फंसते ही आपकी जमा-पूंजी पलभर में गायब हो सकती है। बिहार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का भयावह आंकड़ा सामने आया है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक लोगों से 52.38 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। सबसे डरावनी बात यह है कि ठगी का यह कारोबार लगातार तेजी से फैल रहा है।

आंकड़े बताते हैं कि जनवरी से सितंबर 2026 के बीच ही निवेश के नाम पर 27.54 करोड़ रुपये की चपत लगाई गई, जबकि 2025 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 16.58 करोड़ रुपये था। वर्ष 2025 में पूरे साल 25.04 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। यानी महज एक साल में इस तरह के अपराध में करीब 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ठग अब केवल फोन करके लोगों को निशाना नहीं बना रहे, बल्कि आधुनिक तकनीक, फर्जी वेबसाइट, नकली ट्रेडिंग ऐप और डीपफेक वीडियो के जरिए भरोसा जीतकर बैंक खाते खाली कर रहे हैं।

ठगी के तरीकों पर नजर डालें तो फर्जी आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 16.59 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई। क्रिप्टो करेंसी और विदेशी शेयर बाजार यानी फॉरेक्स के नाम पर 5.32 करोड़ रुपये, रकम दोगुनी करने के झांसे में 4.68 करोड़ रुपये और फर्जी कंपनी योजनाओं के जरिए 3.31 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने 22 अप्रैल 2024 को ही फर्जी निवेश समूहों, डीपफेक विज्ञापनों, नकली ऐप और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल को लेकर चेताया था। वहीं, सेबी ने 23 नवंबर 2026 की चेतावनी में बताया कि ठग पंजीकृत ब्रोकर की पहचान, आधिकारिक वेबसाइट के स्क्रीनशॉट, फर्जी लेटरहेड और मुहर तक का इस्तेमाल कर रहे हैं।

साइबर अपराधियों का खेल सोशल मीडिया के विज्ञापन से शुरू होता है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मोटी कमाई के लुभावने विज्ञापन दिखाए जाते हैं। कई बार नामी उद्योगपतियों और वित्तीय विशेषज्ञों के डीपफेक वीडियो लगाकर लोगों को फंसाया जाता है। इसके बाद वॉट्सएप और टेलीग्राम के निजी ग्रुप में जोड़कर फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते हैं। फिर वीआईपी ट्रेडिंग, संस्थागत खाते और विशेष आईपीओ आवंटन का झांसा देकर नकली ऐप डाउनलोड कराया जाता है। शुरुआत में छोटी रकम पर मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता जाता है। जैसे ही कोई बड़ी रकम निवेश करता है, ठगों का असली चेहरा सामने आता है। निकासी के समय टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, खाता सत्यापन और सिक्योरिटी मनी के नाम पर लगातार पैसे मांगे जाते हैं। आखिर में खाता ब्लॉक कर दिया जाता है और अपराधी मोबाइल बंद कर गायब हो जाते हैं।

अनजान लिंक से ट्रेडिंग ऐप या एपीके फाइल डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है। इसके जरिए मोबाइल में खतरनाक सॉफ्टवेयर पहुंच सकता है, जो आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग गतिविधियों को निशाना बना सकता है। केवल गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर मौजूद होना किसी ऐप के असली होने का प्रमाण नहीं है। ऐप का डेवलपर, कंपनी की वेबसाइट, ग्राहक सेवा और आधिकारिक पहचान जरूर जांचें। सेबी और संबंधित एक्सचेंज की अधिकृत सूची से भी मिलान करें। किसी भी ब्रोकर को पैसे भेजने से पहले उसका सेबी पंजीकरण जांचें। एनएसई और बीएसई की अधिकृत ब्रोकर सूची देखें। सेबी की वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और सेबी चेक सुविधा से भुगतान संबंधी विवरण सत्यापित करें। किसी अनजान व्यक्ति, निजी खाते या असंबंधित कंपनी के बैंक खाते में निवेश की रकम बिल्कुल न भेजें।

पटना साइबर थाना की डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि गारंटीड मुनाफे का दावा, रकम दोगुनी करने का वादा, अनजान वॉट्सएप-टेलीग्राम ग्रुप, तीसरे व्यक्ति के खाते में भुगतान और निकासी के लिए अलग से टैक्स मांगना साइबर ठगी के प्रमुख संकेत हैं। याद रखें, शेयर बाजार में मुनाफे की कोई गारंटी नहीं होती। लालच में एक गलत क्लिक आपकी वर्षों की कमाई छीन सकता है।

ब्यूरो रिपोर्ट