पटना में गांजे का नया ट्रेंड! क्या है "ऑर्गेनिक गांजा" और क्यों है इतना महंगा? क्यों खादी, ख़ाकी और एलिट वर्ग में ताबड़तोड़ बढ़ रही डिमांड!

बिहार में शराबबंदी के बीच अब ऑर्गेनिक गांजा और हाई-ग्रेड कैनाबिस को लेकर चर्चा तेज है। सामान्य गांजे से अलग प्रीमियम उत्पाद के रूप में प्रचारित किए जाने वाले इस गांजे की कीमत अधिक क्यों होती है? क्या ऑर्गेनिक होने का मतलब यह है कि यह सुरक्षित है?

Organic Cannabis in Patna
पटना में बढ़ रही ऑर्गेनिक गांजे की डिमांड, सामान्य गांजे से कई गुना महंगा क्यों?- फोटो : news 4 nation

बिहार में वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने शराबबंदी कानून लागू किया था। इसका उद्देश्य राज्य में शराब के सेवन पर रोक लगाना और लोगों, खासकर युवाओं को नशे की लत से दूर रखना था। हालांकि, शराबबंदी के बाद नशे के दूसरे विकल्पों की ओर बढ़ते रुझान को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। राजधानी पटना में गांजे के अवैध कारोबार और इसके सेवन को लेकर कई इलाकों में चर्चा होती रही है। सामान्य गांजे के साथ अब महंगे और कथित प्रीमियम कैनाबिस उत्पादों के प्रति भी कुछ उपभोक्ताओं की दिलचस्पी बढ़ने की बात सामने आ रही है।


पटना में 'ऑर्गेनिक गांजा' की बढ़ती मांग

पटना में नशे के बाजार को लेकर एक नए ट्रेंड की चर्चा है। सामान्य गांजे के साथ अब ऑर्गेनिक गांजा और हाई-ग्रेड कैनाबिस जैसे उत्पादों की ओर भी लोगों की उत्सुकता ताबड़तोड़ बढ़ रही है। इन्हें सामान्य गांजे से अलग, प्राकृतिक तरीके से तैयार और प्रीमियम क्वालिटी का बताकर प्रचारित किया जाता है। नतीजतन समाज के कथित एलिट वर्ग जिनमे खादी, ख़ाकी, बुद्धिजीवी, व्यापारी वर्ग और सोसाइटी कि कथित हाईफाई महिलाये शामिल है। अब ऑर्गेनिक गांजा कि मुरीद होती जा रही है। चुकी डिमांड ज्यादा है और सप्लाई कम तो इसकी कीमत भी लगतार बढ़ रही है। 


क्या होता है ऑर्गेनिक गांजा?

गांजा कैनाबिस पौधे के फूलदार और फलदार ऊपरी हिस्सों से प्राप्त होता है। इसमें THC और CBD जैसे कैनाबिनॉइड तत्व पाए जाते हैं। THC मुख्य रूप से नशे और मानसिक प्रभाव के लिए जिम्मेदार होता है। ऑर्गेनिक गांजा ऐसा उत्पाद है, जिसके उत्पादन में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं किए जाने का दावा किया जाता है। वहीं, हाइड्रोपोनिक वीड जैसे शब्द नियंत्रित वातावरण में बिना मिट्टी के पौधे उगाने की तकनीक से जुड़े हैं। इसे कई बार हाई-ग्रेड कैनाबिस के रूप में भी प्रचारित किया जाता है। हालांकि, ऑर्गेनिक और हाइड्रोपोनिक एक ही चीज नहीं हैं। प्राकृतिक तरीके से उगाए जाने का दावा इसकी नशीली क्षमता को कम नहीं करता।


युवाओं और उपभोक्ताओं में आकर्षण के कारण

इस तरह के उत्पादों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी के पीछे सोशल मीडिया, लाइफस्टाइल के रुझान और 'प्राकृतिक' होने पर सुरक्षित मानने की धारणा को प्रमुख कारण माना जाता है। कई लोग इसे पारंपरिक नशे की तुलना में कम नुकसानदेह समझ बैठते हैं। इसके बावजूद इसके सेवन से एकाग्रता, याददाश्त और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने का जोखिम बना रहता है।


सामान्य गांजे से अधिक कीमत की वजहें

ऑर्गेनिक गांजे की ऊंची कीमत के पीछे इसकी प्रीमियम ब्रांडिंग, सीमित उपलब्धता, उत्पादन लागत और कथित उच्च गुणवत्ता जैसे कारक हो सकते हैं। कुछ उत्पादों को विदेशी और विशेष किस्म का बताकर भी महंगे दाम पर बेचा जाता है। इसके अलावा, THC की अधिक मात्रा वाले कैनाबिस उत्पादों की कीमत भी बाजार में अधिक रखी जा सकती है। मांग और आपूर्ति के बीच अंतर भी कीमतों को प्रभावित करता है। हालांकि, किसी उत्पाद का महंगा होना इस बात की गारंटी नहीं है कि वह शुद्ध, मिलावट रहित या स्वास्थ्य के लिहाज से सुरक्षित है। ऑर्गेनिक का लेबल भी अपने आप में गुणवत्ता की प्रमाणिकता नहीं है।


भारत में कानूनी स्थिति और जोखिम

भारत में NDPS Act, 1985 के अंतर्गत गांजे की खेती, कब्जा, खरीद-बिक्री और सेवन पर कड़े कानूनी प्रतिबंध लागू हैं, सिवाय कुछ सीमित चिकित्सा या वैज्ञानिक अपवादों के। केवल 'ऑर्गेनिक' या 'प्राकृतिक' नाम देने से कोई अवैध पदार्थ कानूनी रूप से मान्य या स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं हो जाता। विशेषज्ञों के अनुसार, प्राकृतिक होने के दावे इसके नशीले प्रभाव और सेहत से जुड़े खतरों को समाप्त नहीं करते।