Patna Crime: पटना में स्मैक का सौदागर गिरफ्तार, 42 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद, लाखों में बताई जा रही कीमत
Patna Crime: पटना में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ...
Patna Crime: पटना में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में दीघा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक की 42 पुड़िया बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई दीघा थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर इलाके में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक मादक पदार्थ लेकर पहुंचा है और इसकी सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक की 42 पुड़िया बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और उससे पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी मात्रा में स्मैक कहां से पहुंची और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस की पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गिरफ्तार युवक अकेले इस धंधे को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।
फिलहाल पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। राजधानी में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार