Bihar EOU Raid:सबेरे सबेरे IAS संजीव हंस के घर पर EOU का छापा, टेंडर घोटाले की आंच अब बड़े अफसरों तक, कमीशन सिंडिकेट की तलाश तेज
Bihar EOU Raid: बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाले और कथित कमीशनखोरी कांड में जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।....
Bihar EOU Raid: बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाले और कथित कमीशनखोरी कांड में जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। विशेष निगरानी इकाई और आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई अब उन बड़े नामों तक पहुंच रही है, जिन पर वर्षों से सरकारी ठेकों और कमीशन के खेल में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। इसी क्रम में चर्चित ठेकेदार रिशु श्री उर्फ रिशु रंजन सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने कई अधिकारियों और उनसे जुड़े ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है।रिशु श्री के टेंडर घोटाला मामले में आईएएस संजीव हंस के घर EOU सुबह सुवह धावा बोला है। हंस को गिरफ्तार करने ईओयू की टीम पहुंची थी। लेकिन संजीव आवास से नदारद थे। हंस फरार बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में आए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव हंस से जुड़े ठिकानों पर भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने छानबीन शुरू की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह से ही जांच एजेंसियों की टीम उनके आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि टेंडर आवंटन, सरकारी परियोजनाओं और ठेके की प्रक्रियाओं में कथित तौर पर एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, जिसमें बिचौलियों, ठेकेदारों और कुछ अधिकारियों के बीच करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन हुए। रिशु श्री से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के दौरान कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।
टेंडर घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कथित कमीशनखोरी के उस नेटवर्क की तस्वीर सामने आ रही है, जिसमें सरकारी ठेकों के बदले मोटी रकम की उगाही और प्रभाव के इस्तेमाल के आरोप लगाए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां बैंक खातों, संपत्तियों, व्हाट्सएप चैट, वित्तीय दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही हैं।फिलहाल EOU और SVU की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि छापेमारी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। बिहार के इस चर्चित टेंडर घोटाले में आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार