Patna Crime: पटना में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्ती, दावत या दुश्मनी... आखिर किसने उतारा नवीन को मौत के घाट?

Patna Crime: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके को दहला दिया।

पटना में में युवक की गोली मारकर हत्या- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री मोड़ स्थित ट्रेंड शोरूम के पास मस्जिद के निकट 30 वर्षीय नवीन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दरियापुर नयाटोला निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में खौफ, अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, नवीन अपने कुछ करीबियों के साथ बैठा हुआ था। मौके पर खाने-पीने का सामान भी मौजूद था और महफिल चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई। आरोप है कि नवीन के साथ बैठे एक शख्स ने बेहद करीब से उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर भगदड़ मच गई।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल नवीन को आनन-फानन में फतुहा अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे पटना के पारस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया।

फिलहाल इस कत्ल के पीछे की असली वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि खाने-पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली। हालांकि पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में शामिल लोग वही थे जो नवीन के साथ बैठे थे या फिर पूरी साजिश के पीछे कोई पुरानी अदावत, रंजिश या सुनियोजित षड्यंत्र छिपा हुआ है।

सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी खंगाल रही है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह महज नशे और कहासुनी में हुआ कत्ल है, या फिर इसके पीछे कोई पुरानी दुश्मनी और सुनियोजित साजिश छिपी हुई है? इस सवाल का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल फतुहा की यह वारदात इलाके में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है और लोग पुलिस से जल्द खुलासे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार