Patna Crime: पटना में बेखौफ बदमाशों ने फल कारोबारी की दुकान पर की फायरिंग, साइलेंसर लगी पिस्टल से चली गोली, कर्मचारी जख्मी
पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति में फल कारोबारी गोपाल प्रसाद की दुकान पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी। ...
Patna Crime:राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर दिनदहाड़े खूनी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चौकसी और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति में फल कारोबारी गोपाल प्रसाद की दुकान पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में दुकान पर काम करने वाला एक कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी, दहशत और हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान पर रोजमर्रा का कारोबार चल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के निशाना साधते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुकान का कर्मचारी लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद हमलावर बड़ी आसानी से फरार हो गए।
स्थानीय कारोबारियों का आरोप है कि बदमाशों ने साइलेंसर लगी पिस्टल का इस्तेमाल किया, जिससे गोली चलने की आवाज बेहद कम सुनाई दी। इसी वजह से लोगों को पहले समझ ही नहीं आया कि फायरिंग हुई है। इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल कर्मी को तत्काल पीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर, सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार हमलावरों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस सभी पहलुओं रंजिश, रंगदारी और कारोबारी विवाद को ध्यान में रखकर तफ्तीश में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार