Patna Crime: पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग,5 बदमाशों ने मचाया तांडव, मासूम को लगी गोली, इलाके में अफरा-तफरी

Patna Crime:पटना गोलियों की तड़तड़ाहट से तब दहल उठा, जब दो पक्षों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया...

पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : social Media

Patna Crime: राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र का अजवां बथानी गांव उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब दो पक्षों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पेट्रोल पंप के समीप हुई इस सनसनीखेज वारदात में बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग का शिकार एक मासूम बच्ची बन गई। गोली उसके पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। गंभीर हालत में बच्ची को आनन-फानन में पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल बच्ची की पहचान अजवां बथानी गांव निवासी सनोज कुमार यादव की पुत्री निभा कुमारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइकों पर सवार पांच युवक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच पहले तीखी कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने कमर से पिस्तौल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलियां चलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच घर के पास टहल रही निभा कुमारी आवारा गोली की चपेट में आ गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।

गोलीबारी की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार बदमाशों की पहचान की जा सके। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) संकेत कुमार ने बताया कि घायल बच्ची के परिजनों के फर्दबयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार