Bihar Crime: पटना में विश्वकर्मा पूजा पर खूनी खेल, छींटे पड़ने के विवाद में पड़ोसियों में चाकूबाजी, एक की मौत

पटना में विश्वकर्मा पूजा पर खूनी खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: पटना सिटी विश्वकर्मा पूजा के दिन पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र का दीपनगर इलाका गुरुवार की रात खूनी वारदात से दहल उठा। ई-रिक्शा और बाइक धोने के दौरान पानी का छींटा पड़ने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक तकरार में तब्दील हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इस खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक जख्मी हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही मेहंदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने एक घायल को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) भेजा, जबकि दूसरे घायल को श्री गुरु गोविंद सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया गया है।

मेहंदीगंज थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के मुताबिक, गाड़ी धोने के दौरान पानी का छींटा पड़ने के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान मामला हाथापाई से आगे बढ़ गया और दोनों तरफ से चाकू निकल आए। चाकू के वार से 46 वर्षीय दीपू कुमार की छाती में गंभीर चोट लगी। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना में दीपू कुमार का 18 वर्षीय पुत्र साहिल भी घायल हुआ है। उसके सिर में चाकू लगा है और एनएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मामले में आरोपित बताए जा रहे 45 वर्षीय राजू कुमार और उसके 29 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। चाकूबाजी में दीपक कुमार भी सीने में जख्मी हुआ है और उसका इलाज श्री गुरु गोविंद सिंह जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि घायलों के इलाज और प्राथमिक कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामूली विवाद के खूनी अंजाम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार