Patna Crime: पटना में खूनी झड़प, रिटायर्ड SI समेत 3 घायल

Patna Crime: दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में एक रिटायर्ड दारोगा समेत तीन लोग घायल हो गए।...

पटना में खूनी झड़प- फोटो : social Media

Patna Crime:दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में एक रिटायर्ड दारोगा  समेत तीन लोग घायल हो गए। बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र के मसत्थू गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में एक रिटायर्ड दारोगा  समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में रिटायर्ड दारोगा के बेटे और पोते के भी शामिल होने की बात सामने आई है। रिटायर्ड दारोगा की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घायल पक्ष ने आरोप लगाया है कि जिस वक्त दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा, उस समय अंचलाधिकारी अपने दो सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद थीं। आरोप है कि अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घायल पक्ष का दावा है कि घटना के बाद अंचलाधिकारी वहां से चली गईं। हालांकि, अंचलाधिकारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वह मौके से लौट चुकी थीं और उनके वहां से जाने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। अंचलाधिकारी के मुताबिक, विवाद गैर-मजरुआ यानी सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर है। विवादित स्थल पर एक पक्ष की ओर से मकान बनाए जाने की बात भी सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि विवादित जमीन केवल कब्जे के विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की जलनिकासी के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के करीब एक तिहाई हिस्से का नाले का पानी इसी रास्ते से होकर मुख्य सड़क की ओर निकलता है।

आरोप है कि एक पक्ष ने जमीन को अपनी खरीदी हुई जमीन बताते हुए उसे घेर लिया। इसके बाद नाले के पानी की निकासी बाधित हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि जलनिकासी रुकने के कारण मुख्य सड़क पर सालभर जलजमाव की समस्या बनी रहती है। सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भी काफी परेशानी होती है।

मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।