Patna Crime News: सरकारी नौकरी के झांसे में फंसी युवती, गेस्ट हाउस में दुष्कर्म, आरोपी फरार

Patna Crime News: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।

गेस्ट हाउस में युवती से दुष्कर्म- फोटो : X

Patna Crime News: पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना रविवार को पीजीएस मोड़ स्थित सैनिक गेस्ट हाउस में हुई। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से फरार हो गया। मामले में गेस्ट हाउस संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के कमरे को सील करने के साथ आगंतुक रजिस्टर जब्त कर लिया है। वहीं, फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और किशोरी के परिजनों को जानकारी दी गई। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए एम्स, फुलवारी भेजा गया। किशोरी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

बस में हुई थी आरोपित से मुलाकात

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बस से यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात आरोपित से हुई थी। आरोपित ने खुद को सरकार में वरीय अधिकारी बताते हुए कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया था। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच परिचय बढ़ा और करीब एक सप्ताह तक फोन पर बातचीत होती रही। इस दौरान आरोपित ने किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर पटना बुलाया।

कागजात और प्रक्रिया समझाने के बहाने बुलाया

पीड़िता के आरोप के मुताबिक, रविवार को आरोपित ने नौकरी से संबंधित कागजात और आगे की प्रक्रिया पर चर्चा करने के बहाने उसे सैनिक गेस्ट हाउस बुलाया। वहां पहुंचने के बाद वह किशोरी को कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

गेस्ट हाउस का कमरा सील, सीसीटीवी फुटेज की जांच

खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि सैनिक गेस्ट हाउस के संचालक अंकित कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया गया है और गेस्ट हाउस का आगंतुक रजिस्टर जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपित की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपित आरा के आसपास के इलाके का रहने वाला है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट