Patna NIA Raid: पटना में NIA की दबिश से मचा हड़कंप, फ्लैट से भागा शख्स
Patna NIA Raid: NIA की कार्रवाई के दौरान एक शख्स पुलिस को देखकर फ्लैट से निकलकर भागने लगा।...
Patna NIA Raid: पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में NIA की कार्रवाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स पुलिस को देखकर फ्लैट से निकलकर भागने लगा। अपार्टमेंट के नीचे पहले से मौजूद STF और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले की सूचना इनकम टैक्स विभाग को भी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि NIA की टीम मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम कथित तौर पर गलती से दूसरे फ्लैट में दाखिल हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, NIA की टीम को देखकर वहां मौजूद शख्स घबरा गया और फ्लैट से नीचे उतरकर भागने की कोशिश करने लगा।
अपार्टमेंट के नीचे STF और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस पहले से मौजूद थी। जैसे ही वह स्कूटी से फरार होने के लिए बैठा, सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से लगभग 20 लाख रुपये कैश बरामद हुआ। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस के साथ-साथ दूसरी जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के अनुसार, आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए शख्स की पहचान अनमोल कुमार मोदी के तौर पर हुई है। वह पूर्वी चंपारण जिले के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और बरामद रकम के स्रोत को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस के मुताबिक, अनमोल अब तक बरामद रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। यही वजह है कि मामले की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। इनकम टैक्स विभाग को भी सूचना दी गई है, ताकि नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल की पड़ताल की जा सके।
इसी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने आतंकी गतिविधियों से कथित तौर पर जुड़े एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट नंबर-609 से एक मोस्टवांटेड व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसे NIA अपने साथ ले गई है।फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद 20 लाख रुपये कहां से आए, इसका मकसद क्या था और क्या इसका संबंध NIA की कार्रवाई से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क से है। हालांकि इन तमाम बिंदुओं पर आधिकारिक तौर पर जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।