पटना का वांछित साइबर अपराधी छोटू कुमार गिरफ्तार, कई साइबर अपराधों को दे चुका था अंजाम

गिरफ्तार छोटू कुमार के खिलाफ पत्रकार नगर थाना, पटना में कांड संख्या 346/26 दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ नवादा और नालंदा जिले के कई थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

Bihar Cyber Crime- फोटो : news4nation

Bihar Cyber Crime : पटना जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पटना के पत्रकार नगर थाना कांड संख्या 346/26 में वांछित अभियुक्त छोटू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कई साइबर अपराधों को अंजाम दे चुका था और लंबे समय से पुलिस की नजर में था।


पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम एवं पटना जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए छोटू कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी छोटू कुमार, पिता अनुज सिंह, ग्राम वरसा, थाना कसार, जिला शेखपुरा का रहने वाला है। पुलिस ने शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार छोटू कुमार के खिलाफ पत्रकार नगर थाना, पटना में कांड संख्या 346/26 दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ नवादा और नालंदा जिले के कई थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कुल तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी से जुड़े मामले भी शामिल हैं।


फर्जी सिम कार्ड से साइबर अपराध 

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने एक अन्य सह-अपराधी के साथ मिलकर लगातार बेगूसराय जिले से फर्जी सिम कार्ड खरीदता था। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए किया जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी सिम कार्ड के जरिए कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर अपराध के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में दर्ज मामलों को देखते हुए पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।

अनिल की रिपोर्ट