पटना पुलिस ने किया एनकाउंटर, कुख्यात हैदर ढेर, दारोगा सहित दो पुलिसकर्मी को लगी गोली
बिहार पुलिस के एक दारोगा सहित दो पुलिस वालों को गोली मारकर घायल करने वाले मसौढ़ी के एक कुख्यात अपराधी को पटना पुलिस ने त्वरित करवाई करते हुए मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।
Patna police encountered : राजधानी पटना के मसौढ़ी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी हैदर को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार (12 जून) की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस एक युवक को अपराधियों के चंगुल से छुड़ाने पहुंची थी, जिसे कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया था।
बताया जाता है कि पुलिस टीम के पहुंचते ही हैदर और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान मसौढ़ी थाना के एडिशनल थानेदार राहुल कुमार को गोली लग गई, जबकि एएसआई संजय कुमार को गोली छूते हुए निकल गई। दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों पर हुए हमले को गंभीरता से लेते हुए डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) और मसौढ़ी पुलिस ने पूरे इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान शुरू किया। जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर हैदर एवं उसके साथियों की तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस को कुछ घंटों बाद हैदर की लोकेशन मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे घेरने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पटना सिटी एसपी के अनुसार पुलिस मुठभेड़ में गोली मोहम्मद हैदर को लगी जिसे लेकर उसके साथी पहले पुनपुन PHC गये। फिर वहां से पीएमसीएच रेफर किया गया लेकिन उसके साथी उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजा बाजार स्थित पारस हॉस्पिटल ले गए जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस बीच मुठभेड़ में घायल हैदर का तलाशते हुए पुलिस पारस पहुंची जहां उसकी मौत हो चुकी थी। हैदर पर हत्त्या का एक मामला दर्ज था जबकि कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूट कर आया था। पुलिस मामले में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस पर हुए हमले के बाद की बड़ी सफलता माना जा रहा है।