Patna Murder: पटना में रिसेप्शन की रात बनी कत्ल की रात, 20 गोलियों की बौछार से दो सगे भाइयों का ख़ून-ए-नाहक, पढ़िए मर्डर की स्टोरी

Patna Murder: एक रिसेप्शन पार्टी के बाहर घात लगाए बैठे बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।...

पटना में रिसेप्शन की रात बनी कत्ल की रात- फोटो : reporter

Patna Murder: राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में रविवार की रात खुशियों का जश्न अचानक मातम में तब्दील हो गया। एक रिसेप्शन पार्टी के बाहर घात लगाए बैठे बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक करीब 20 गोलियां दागी गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा और अफरातफरी मच गई।

मरहूमों की पहचान मनीष कुमार (32) और मंजीत कुमार (24) के रूप में हुई है। दोनों शाहपुर निवासी राजकिशोर राय के बेटे थे और प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे। तीन भाइयों में मनीष सबसे बड़ा और मंजीत सबसे छोटा था। वारदात में मनीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लहूलुहान मंजीत को इलाज के लिए एनएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इत्तिला के मुताबिक शाहपुर में दौलत राम के बेटे विक्की की रिसेप्शन पार्टी थी। दोनों भाई उसी समारोह में शरीक होने पहुंचे थे। बताया जाता है कि पार्टी के दौरान आरोपितों से उनकी कहासुनी हुई थी। मामला शांत होता दिखा और लोग खाना-पीना कर बाहर निकलने लगे। मगर बाहर पहले से घात लगाए चार-पांच हमलावरों ने अचानक गोलियों की बौछार कर दी। कई गोलियां लगते ही दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। चीख-पुकार के बीच हमलावर फरार हो गए।

मौके से पुलिस ने एक जिंदा गोली और तीन खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती तफ्तीश में जमीन विवाद को कत्ल की वजह माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पटीदारों के साथ छह बीघा जमीन को लेकर करीब 40 साल से रंजिश चली आ रही थी। पांच महीने पहले अदालत ने फैसला मृतकों के परिवार के हक में सुनाया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी अदावत का बदला लेने के लिए खूनी साजिश रची गई।

सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार और सदर एएसपी-1 अभिनव ने देर रात घटनास्थल का मुआयना किया। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए और रिसेप्शन की वीडियोग्राफी खंगाली जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतकों के पिता राजकिशोर राय का आरोप है कि उन्होंने पहले ही सुरक्षा की गुहार थाना से लेकर एसएसपी तक लगाई थी, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब पूरे गांव में खौफ और ग़ुस्से का माहौल है। पुलिस का दावा है कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। यह दोहरा हत्याकांड राजधानी में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बनकर उभरा है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार