Bihar Police:बिहार के टॉप अपराधी पर शिकंजा, STF ने AK-47 बरामदगी केस समेत कई संगीन वारदातों के आरोपी को किया गिरफ्तार, जानिए पांडव सेना के कुख्यात संजय सिंह का आपराधिक इतिहास
Bihar Police: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अपराध जगत को बड़ा झटका देते हुए राज्य के टॉप कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल और पांडव सेना के सरगना संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ...
Bihar Police: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अपराध जगत को बड़ा झटका देते हुए राज्य के टॉप कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल और पांडव सेना के सरगना संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के निमा गांव निवासी संजय सिंह को STF की विशेष टीम ने बिक्रमशिला एक्सप्रेस के बर्थ नंबर-12,बोगी नंबर-B2 से उस समय दबोचा, जब वह पुलिस की निगाहों से बचने की कोशिश में था। इस कार्रवाई में बिहटा थाना पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने मिलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया।बिहटा थाना प्रभारी ने बताया कि संजय सिंह को पटना जंक्शन से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संजय सिंह बिहार ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों में भी आतंक का पर्याय माना जाता रहा है। उसके खिलाफ हत्या, नरसंहार, रंगदारी, रंगदारी के लिए हत्या, अवैध खनन, भू-माफियागिरी और हथियारों से जुड़े कई संगीन मामलों सहित दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह बिहटा थाना कांड संख्या-672/2025 में AK-47 बरामदगी से जुड़े मामले में भी वांछित चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से खुफिया निगरानी की जा रही थी। जैसे ही उसके पटना पहुंचने की सटीक सूचना मिली, STF और बिहटा थाना की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बिहटा थानाप्रभारी ने बताया कि इस ऑपरेशन में सात से आठ पुलिसकर्मी शामिल थे और पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय सिंह का आपराधिक इतिहास लगभग तीन दशक पुराना है। उसके खिलाफ पटना, जहानाबाद, भागलपुर, हजारीबाग, रांची सहित बिहार और झारखंड के कई थानों में हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, अपहरण, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर मामलों में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके खिलाफ अन्य राज्यों में और कितने मुकदमे लंबित हैं।
STF अधिकारियों का मानना है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी से संगठित अपराध के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके आपराधिक गिरोह, सहयोगियों, हथियारों के नेटवर्क और हाल के मामलों से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार