Patna University: पटना विश्वविद्यालय में हड़कंप, इकबाल छात्रावास से 2 जिंदा सूतली बम बरामद, परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
Patna University: पटना विश्वविद्यालय के इकबाल छात्रावास परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक सर्च ऑपरेशन चलाया।...
Patna University: पटना विश्वविद्यालय के इकबाल छात्रावास परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक सर्च ऑपरेशन चलाया। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और छात्रावास परिसर में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती देख छात्रों में दहशत फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, छात्र गुटों के बीच पुरानी रंजिश और तनाव के चलते बमबाजी की आशंका जताई गई थी। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रावास के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा भवन को घेर लिया।तलाशी के दौरान उस खंडहर से दो जिंदा सूतली बम बरामद किए गए, जिन्हें प्लास्टिक में लपेटकर छिपाया गया था। बरामदगी के बाद पूरे परिसर में सनसनी फैल गई और स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई।
मौके पर मौजूद बम निरोधक दस्ता ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों जिंदा बमों को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया और उन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की। किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव के लिए पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया।छात्रावास परिसर में जैसे ही सघन तलाशी अभियान शुरू हुआ, छात्रों और कर्मचारियों में भय और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियातन कई हिस्सों को खाली कराकर जांच तेज कर दी।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला छात्र गुटों के बीच वर्चस्व और रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। खंडहरनुमा भवन से बम मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बिहार पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।
फिलहाल पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट- अनिल कुमार