वाहन चेकिंग के दौरान MP नंबर की कार से शराब की बोतल बरामद, बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में सख्ती, हिरासत में लिए गए युवक
Bankipur Assembly By Election:कोतवाली थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बड़े स्तर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।...
Bankipur Assembly By Election: पटना बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजधानी पटना में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनावी माहौल को देखते हुए शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बड़े स्तर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
कोतवाली थाना अध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में कोतवाली थाने की पुलिस के साथ-साथ एसएसबी के जवान भी तैनात रहे। इस दौरान आने-जाने वाले सभी वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने कई गाड़ियों से नियमों के विरुद्ध लगाए गए काले शीशे भी हटवाए।वाहन जांच के दौरान कोतवाली थाना के सहायक अवर निरीक्षक अरविंद कुमार निराला और चालक मोहम्मद सद्दाम की नजर एक मध्य प्रदेश नंबर की कार पर पड़ी। पुलिस ने शक के आधार पर कार को किनारे करवाया और उसमें सवार युवकों की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान जब पुलिस ने कार के अंदर जांच की तो वहां रखी एक शराब की बोतल बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल शराब की बोतल को जब्त कर मामले की जानकारी मौके पर मौजूद कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार को दी। इसके बाद कार में सवार सभी युवकों को हिरासत में लेकर वाहन समेत थाने भेज दिया गया।पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
उपचुनाव को देखते हुए पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। कई लोग जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आए, जबकि पुलिस लगातार संदिग्ध वाहनों पर नजर रखती रही।कोतवाली थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालक अपने साथ सभी जरूरी और वैध दस्तावेज रखें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब, हथियार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार