Patna Crime: सिगोड़ी थाना परिसर में युवक की मौत, चौकीदार कक्ष में फंदे से लटका मिला शव
Patna Crime: युवक ने थाना परिसर स्थित चौकीदार कक्ष में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
Patna Crime: पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के सिगोड़ी थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किसी मामले में पूछताछ के लिए लाए गए करीब 30 से 35 वर्षीय युवक ने थाना परिसर स्थित चौकीदार कक्ष में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए सिगोड़ी थाना लाया गया था। इसी दौरान थाना परिसर में स्थित चौकीदार कक्ष में उसने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई।विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम अजय मांझी बताया जा रहा है। जो जहानाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। कल शाम को बाइक से जाने के क्रम में पुलिस द्वारा कथित तौर पर इसे पकड़कर थाने लाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी (वेस्ट), एसडीपीओ पालीगंज और एसडीएम पालीगंज सिगोड़ी थाना पहुंचे। अधिकारियों ने थाना परिसर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। युवक को किस मामले में पूछताछ के लिए थाना लाया गया था और उसकी मौत से पहले घटनाक्रम क्या रहा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पटना एसएसपी के भी सिगोड़ी थाना पहुंचने की जानकारी मिल रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसे थाना परिसर के चौकीदार कक्ष में कैसे पहुंचने दिया गया और घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं, इन तमाम बिंदुओं पर जांच की जा सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने और अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
फिलहाल इस घटना ने थाना परिसर में सुरक्षा और पुलिस अभिरक्षा में रखे गए लोगों की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट