पटना के नौबतपुर में दर्दनाक हादसा: आहर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में छाया मातम
धान रोपनी के दौरान पटना के नौबतपुर में एक दर्दनाक हादसे में परिवार के दो भाइयों की खेत के पास बने आहर में डूबने से कोहराम मच गया.
Bihar News : पटना के नौबतपुर थाने चेसी गांव में बुधवार को एक हृदय विदारक हादसे में पानी से भरे आहर में डूबने से दो नाबालिग सगे भाइयों की असमय मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान हुसैनचक गांव निवासी पिंटू सिंह के 14 वर्षीय पुत्र अभिजीत और 13 वर्षीय पुत्र प्रियांशु के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में धान रोपनी का काम चल रहा था। इसी दौरान छोटा भाई प्रियांशु खेत के पास बने आहर में नहाने चला गया। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में फिसल गया और डूबने लगा। अपने छोटे भाई को तड़पता देख बड़ा भाई अभिजीत उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे आहर में कूद पड़ा। हालांकि, पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई खुद को संभाल नहीं पाए और पानी में समा गए।
घटना की भनक मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत आहर में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया।
एक ही घर के दो चिरागों के इस तरह बुझ जाने से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
नौबतपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट