छोटे सरकार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य फरार आरोपी रणधीर कुमार गिरफ्तार
Bihar News : व्यवहार न्यायालय, दानापुर में काराधीन कैदी छोटे सरकार की पेशी के दौरान हुई सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य फरार अभियुक्त रणधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिनांक 15.12.2023 को दानापुर कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान अपराधियों ने काराधीन कैदी छोटे सरकार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर जांच तेज की थी।
8 आरोपी पहले ही गिरफ्तार, अब 9वीं गिरफ्तारी
पटना पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गठित विशेष टीम द्वारा पूर्व में 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, अनुसंधान के क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर डीआईयू पटना पुलिस की टीम ने एक प्रमुख फरार आरोपी रणधीर कुमार (निवासी—बिहटा) को गिरफ्तार किया है।
रणधीर कुमार का आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त रणधीर कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
मानिक गिरोह से संबंध, दो गैंगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई
पुलिस के अनुसार रणधीर कुमार का संबंध मानिक गिरोह से है। जांच में यह भी सामने आया है कि पांडव गिरोह और मनोज मानिक गिरोह के बीच आपसी वर्चस्व को लेकर संघर्ष चल रहा था। इसी क्रम में पांडव गिरोह के सदस्य छोटे सरकार की दानापुर कोर्ट परिसर में सुनियोजित तरीके से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अब तक 9 गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 04 अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
अनिल की रिपोर्ट