शराब कारोबारी के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर तलवार से हमला, भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

Bihar Crime : वैशाली जिले में शराब माफियाओं का दुस्साहस देखने को मिला है। मंगलवार को दिन में नाराज शराब कारोबारी ने सड़क जाम कर जमकर उत्पात मचाया। वहीं पुलिस टीम देर रात आरोपी शराब कारोबारी के घर छापेमारी करने पहुंची तो तलवार से हमला कर दिया...

Vaishali जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेलसर थाना क्षेत्र के बेलसर बाजार में शराब माफियाओं का दुस्साहस देखने को मिला है। मंगलवार को दिन में पुलिस द्वारा एक लावारिस बाइक को जब्त किए जाने से नाराज शराब कारोबारी ने सड़क जाम कर जमकर उत्पात मचाया। इस बवाल के बाद जब पुलिस टीम देर रात आरोपी शराब कारोबारी के घर छापेमारी करने पहुंची, तो अपराधियों ने पुलिस पर ही जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।


लावारिस बाइक पुलिस द्वारा जब्त करने पर किया था बवाल

दरअसल, मामला तब बिगड़ा जब बेलसर थाना पुलिस ने बाजार से एक लावारिस मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले आई। इस कार्रवाई से आक्रोशित होकर मुख्य शराब कारोबारी पिंटू साह ने दिनदहाड़े बाजार में जमकर बवाल काटा और मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देने वाले इस कृत्य के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने देर रात रणनीति बनाकर शराब कारोबारी के ठिकाने पर एक साथ दबिश दी।


छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर तलवार से हमला, दरोगा घायल

देर रात हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही शराब कारोबारी के घर के सदस्य उग्र हो गए। घर के अंदर मौजूद एक शख्स ने छापेमारी करने गई टीम में शामिल एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) पर अचानक तलवार से जोरदार वार कर दिया। इस जानलेवा हमले में दरोगा का हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायल दरोगा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।


भारी मात्रा में शराब बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार, मुख्य सरगना हुआ फरार

दरोगा पर हुए इस हमले के बाद पुलिस ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया। भारी पुलिस बल ने घेराबंदी कर मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब कारोबारी पिता और उसके पुत्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, घटना का मुख्य सूत्रधार और कुख्यात शराब कारोबारी पिंटू साह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।


मामले की पुष्टि करते हुए लालगंज एसडीपीओ (SDPO) गोपाल मंडल ने बताया कि पिंटू साह और उसका पूरा परिवार पिछले कई सालों से इलाके में अवैध शराब के धंधे में संलिप्त है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है। दिन में बाइक पकड़े जाने पर इन लोगों ने कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और फरार मुख्य आरोपी पिंटू साह की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट