बिहार में सुबह सुबह डबल मर्डर, छुट्टी पर आए आर्मी जवान और पिता की गोलियों से भूनकर हत्या, वैशाली में खौफ
Bihar Crime: सुबह सुबह छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डबल मर्डर की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
Vaishali:जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में रास्ते के पुराने विवाद ने रविवार तड़के खूनी मोड़ ले लिया। रजासो गांव में छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डबल मर्डर की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मृतकों की पहचान जितेंद्र कुमार, जो भारतीय सेना में तैनात थे, और उनके पिता मुनारीक राय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र कुमार दिल्ली में तैनात थे और परिवार में एक रिश्तेदार की बिजली करंट लगने से हुई मौत के बाद छुट्टी लेकर गांव आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह छुट्टी उनकी जिंदगी की आखिरी छुट्टी साबित होगी।बताया जा रहा है कि शनिवार शाम विवादित जमीन से रास्ते को लेकर जितेंद्र कुमार और उनके चचेरे भाई जगदीश राय के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। लेकिन आरोप है कि रविवार सुबह आरोपी ने फिर से विवाद खड़ा किया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आर्मी जवान जितेंद्र कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी जगदीश राय और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर मामूली जमीन और रास्ते के विवाद के खूनी अंजाम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की पूरी साजिश, वारदात में प्रयुक्त हथियार और घटना के क्रम का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार