Bihar Crime: घर में छिपा रखी थी देसी मास्केट राइफल, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Bihar Crime: अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी मास्केट राइफल के साथ गिरफ्तार किया है।
Bihar Crime: पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी मास्केट राइफल के साथ गिरफ्तार किया है। बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सहुरिया तीनकोनमा गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी मास्केट राइफल बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि सहुरिया तीनकोनमा निवासी शंकर ऋषि, पिता मलयोगी ऋषि, ने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर बनमनखी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शंकर ऋषि के घर पर दबिश दी। पुलिस की तलाशी के दौरान घर से देसी मास्केट राइफल बरामद होने के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और इसे घर में किस मकसद से छिपाकर रखा गया था।
मामले को लेकर जानकीनगर थाना कांड संख्या 299/26, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के अलावा जानकीनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी आलोक राय, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, शिवदास सिंह यादव, चकमका ओपी प्रभारी रामानुज कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई से हथियार रखने वालों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
रिपोर्ट- अंकित कुमार