पुलिस ने गैस एजेंसी से जबरन सिलेंडर लूटा, जान से मारने की दी धमकी, वर्दी का रौब या गुंडागर्दी
Bihar Crime: बिहार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वर्दी के नाम पर धौंस जमाने और दबंगई दिखाने का गंभीर आरोप लगा है।
Bihar Crime: बिहार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वर्दी के नाम पर धौंस जमाने और दबंगई दिखाने का गंभीर आरोप लगा है। रोहतास जिले के डेहरी के मोहिनी इंटरप्रइज गैस एजेंसी के मैनेजर और कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति, जो खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था, ने जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन बिना पैसे दिए एलपीजी गैस सिलेंडर उठा लिया।
घटना के मुताबिक, अरुण कुमार सिंह नामक व्यक्ति सादे लिबास में, गले में पुलिस का आई-कार्ड लटकाए एजेंसी पहुंचा। उसने बिना नंबर लगाए तुरंत गैस सिलेंडर देने की मांग की। जब एजेंसी के मैनेजर ने नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया और गाली-गलौज पर उतर आया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बार-बार खुद को रोहतास एसपी का बॉडीगार्ड बता रहा था और इसी धौंस में कर्मचारियों को धमकाता रहा। फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी मैनेजर को भद्दी गालियां देता और एजेंसी बंद कराने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। इतना ही नहीं, उसने गोली मारने तक की धमकी दी और अंततः गैस वेंडर से जबरन सिलेंडर लेकर चलता बना।
एजेंसी संचालक उदय शंकर ने डेहरी थाना में इस पूरे मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि आरोपी पाली रोड का रहने वाला है और पहले से ग्राहक रहा है, लेकिन इस बार उसका व्यवहार पूरी तरह आपराधिक और डराने-धमकाने वाला था। इस घटना से गैस एजेंसी संचालकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सफेद शर्ट पहने और गले में आई-कार्ड लगाए आरोपी एजेंसी काउंटर पर नजर आ रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ऑडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच्चाई की पड़ताल की जा रही है। यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है क्या वर्दी का नाम लेकर कानून को ही चुनौती दी जा रही है? अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और क्या आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं या नहीं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार