Bihar Crime: रोहतास के शक्तिपीठ भलुनी भवानी मंदिर में भीषण चोरी, चांदी का मुकुट और सोने के आभूषण ले उड़े चोर

Bihar Crime:बिहार के रोहतास जिले में चोरों ने आस्था के बड़े केंद्र शक्तिपीठ भलुनी भवानी देवी मंदिर को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है।...

भवानी मंदिर में भीषण चोरी- फोटो : X

Bihar Crime:बिहार के रोहतास जिले में चोरों ने आस्था के बड़े केंद्र शक्तिपीठ भलुनी भवानी देवी मंदिर को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। दिनारा थाना क्षेत्र स्थित मंदिर में अज्ञात चोरों ने घुसकर लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, चोर मंदिर से चांदी का मुकुट, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और अपनी पहचान छिपाने के इरादे से मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया। इससे पुलिस के सामने चोरी की घटना की जांच एक बड़ी चुनौती बन गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। बिक्रमगंज के एसडीएम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाई और चोरी की वारदात से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू की।

शक्तिपीठ भलुनी भवानी मंदिर में हुई इस चोरी ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाए और चोरी गए आभूषणों एवं कीमती सामान की बरामदगी सुनिश्चित करे। फिलहाल पुलिस जांच के जरिए वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। घटना से पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।