Bihar Crime: 7वीं के छात्र अंकित आनंद हत्याकांड का हो गया खुलासा, जमीन की रंजिश में मासूम की हत्या!

13 वर्षीय 7वीं कक्षा के छात्र अंकित आनंद की सनसनीखेज हत्या मामले में शामिल मुख्य शूटर समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अंकित आनंद हत्याकांड का हो गया खुलासा- फोटो : reporter

Bihar Crime:सहरसा में  13 वर्षीय 7वीं कक्षा के छात्र अंकित आनंद की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस जघन्य वारदात में शामिल मुख्य शूटर समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

तीन दिन पूर्व अंकित आनंद स्कूल से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहा था। तभी सिमराहा के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल था।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मानवीय सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। आखिरकार पुलिस ने पवन कुमार, संतोष ठाकुर और मंतोष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मामले का खुलासा करते हुए सहरसा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुराने जमीन विवाद में छात्र के पिता को सबक सिखाने की नीयत से इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने सोचा था कि पिता को डराने के लिए बेटे को निशाना बनाया जाए।हालांकि मृतक छात्र के पिता और पेशे से वकील अनुज ठाकुर का कहना है कि उनका किसी से जमीन विवाद नहीं था, बल्कि एक केस की पैरवी नहीं करने के लिए उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिलाया है।एक मासूम की जान लेकर रची गई यह साजिश न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज को भी सोचने पर मजबूर करती है कि रंजिश की आग में आखिर कब तक बेगुनाह झुलसते रहेंगे?

रिपोर्टर:- छोटू सरकार