Bihar Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार, फायरिंग के बाद एक बदमाश की पीट-पीटकर हत्या, महिला भी जख्मी

Bihar Crime: बिहार में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। .....

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में  बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात ने व्यापारियों से लेकर आम नागरिकों तक में खौफ और दहशत का माहौल पैदा कर दिया। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में शुक्रवार की देर शाम अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचाकर शहर की फिज़ा को दहला दिया। अनुमंडलीय अस्पताल रोड स्थित इंडियन बैंक के पास की घटना से लोग सहमे हुए है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोकनाथपुर बेलवाना निवासी पप्पू पासवान बाइक से इंडियन बैंक के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पहले कहासुनी हुई, फिर बहस ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते एक हमलावर ने पप्पू पासवान के पैर में गोली दाग दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। माहौल गर्म हो गया और लोगों में गुस्सा भड़क उठा। फायरिंग के बाद भाग रहे अपराधियों का पीछा किया गया। इसी दौरान एक बदमाश भीड़ के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित भीड़ ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हालात बेकाबू हो गए और भीड़ के ‘इंसाफ’ ने आरोपी की जान ले ली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से जख्मी आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सत्येंद्र कुमार ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दलसिंहसराय के चौकीदार ने अस्पताल में बताया कि यह वही शख्स था जो फायरिंग कर फरार हो रहा था, लेकिन भीड़ के हाथ लग गया और पिटाई में उसकी मौत हो गई।हैरत की बात यह रही कि बीच-बचाव करने पहुंचीं अनुमंडलीय अस्पताल रोड निवासी रमेश साह की पत्नी रेखा देवी को भी बदमाशों ने गोली मार दी। विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया और फिर उनके हाथ में गोली दाग दी गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सन्नी कुमार , पिता बालेश्वर पासवान, निवासी लोकनाथपुर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। दो अन्य हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।घटना की खबर मिलते ही डीएसपी विवेक कुमार शर्मा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। दलसिंहसराय समेत कई थानों की फोर्स कैंप कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में गश्त तेज कर दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।