छठ से पहले समस्तीपुर में सनसनीखेज वारदात, 17 वर्षीय युवक की गला काटकर हत्या

छठ के ठीक पहले समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या किये जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. युवक का शव शनिवार तड़के मिला है

Samastipur crime news - फोटो : news4nation

Bihar News : समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इनायतपुर धमौन में छठ पर्व से पहले एक 17 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इनायतपुर निवासी राजनीति राय के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।


बताया जाता है कि दीपक गुजरात में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था। छठ पर्व में शामिल होने के लिए वह करीब 10 दिन पहले ही घर आया था। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे किसी व्यक्ति ने फोन कर उसे बुलाया था। इसके बाद वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने लाला गाछी में उसका शव देखा।


युवक की चाकू से गला काटकर हत्या की गई थी। उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान भी पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

संजीव कुमार तरुण की रिपोर्ट