Bihar Blast: सारण में धमाके से दहला इलाका, गंडक बांध ढाला पर भीषण विस्फोट, एक की मौत
मकेर थाना क्षेत्र के नवकाढ़ा गंडक बांध ढाला स्थित एक किराना दुकान में हुए जोरदार धमाके से न सिर्फ दुकान पूरी तरह तबाह हो गई, बल्कि बाहर बैठे दो युवक इसकी चपेट में आ गए। ...
Bihar Blast: सारण जिले में शनिवार की देर रात हुए एक रहस्यमयी और भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मकेर थाना क्षेत्र के नवकाढ़ा गंडक बांध ढाला स्थित एक किराना दुकान में हुए जोरदार धमाके से न सिर्फ दुकान पूरी तरह तबाह हो गई, बल्कि बाहर बैठे दो युवक इसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, विस्फोट विनय सिंह की किराना दुकान में हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि दुकान का लोहे का दरवाजा कई फीट दूर जा गिरा, जबकि ऊपर लगा एस्बेस्टस पूरी तरह उखड़कर बिखर गया। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घायलों की पहचान नवकाढ़ा निवासी सचिन राय, पिता सुरेश राय, तथा अखिलेश राय, पिता रामेश्वर राय, के रूप में हुई। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। मृतक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह, मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास, सारण के एसएसपी विनीत कुमार, डीआईजी निलेश कुमार और जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव स्वयं मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं मुखिया अनिल सिंह, राजद नेता अजय राय, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी निलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दुकान के अंदर मौजूद किसी विस्फोटक सामग्री के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि यह बम विस्फोट था या किसी अन्य विस्फोटक पदार्थ के कारण धमाका हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर विस्फोटक सामग्री दुकान तक कैसे पहुंची।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश तो नहीं रची जा रही थी। फिलहाल पूरे इलाके में खौफ का माहौल है और अब इस सनसनीखेज विस्फोट की गुत्थी सुलझाना तथा दोषियों तक पहुंचना सारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। सभी की निगाहें अब एफएसएल की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी धमाके का असली राज सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट-धर्मेंद्र रस्तोगी