Bihar Crime: बिहार में चोरों का तांडव, एक रात में दो घर साफ, 30 लाख की संपत्ति पर फेरा हाथ
Bihar Crime: बेखौफ चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो घरों को निशाना बना लिया।
Bihar Crime: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो घरों को निशाना बना लिया। धेनुकी गांव में रविवार की रात हुई इस वारदात में करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस वक्त चोर घरों में घुसकर लाखों की संपत्ति समेट रहे थे, परिवार के सदस्य अंदर सो रहे थे।क्या गांव में पुलिस की गश्ती महज खानापूर्ति बनकर रह गई है? क्या चोरों को पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा? एक ही रात में महज करीब सौ मीटर के दायरे में दो घरों में बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले धेनुकी गांव निवासी उमेश राय के घर को निशाना बनाया। आरोप है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, उसे बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
रात करीब 12 बजे उमेश राय शौच के लिए उठे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोरी का पता चला। पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
इसके बाद चोरों ने उमेश राय के घर से करीब सौ मीटर दूर सुग्रीव राय के मकान को भी निशाना बनाया। बताया गया कि चोर पिछले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद करीब 20 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।एक ही रात में दो घरों में हुई इस बड़ी चोरी के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर सुराग जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है।
स्थानीय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वारदात का जल्द उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस इस बेखौफ चोरी की गुत्थी कब तक सुलझाती है और लाखों की संपत्ति उड़ाने वाले चोरों तक कानून का शिकंजा कब पहुंचता है।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार