छपरा में युवती से जबरदस्ती की कोशिश , विरोध करने पर मारपीट, पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

Bihar Crime: सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के पियानो गांव में एक युवती के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है।...

छपरा में युवती से जबरदस्ती की कोशिश- फोटो : social Media

Bihar Crime: सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के पियानो गांव में एक युवती के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर भगवान बाजार थाना स्थित एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

प्राथमिकी में पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन घर के बगल में साफ-सफाई का काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले बम शंकर सिंह और लालबाबू सिंह वहां पहुंचे और कथित तौर पर युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोप है कि जब युवती ने इसका विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर खींचा, जिससे वह गिर गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने अपनी बहन को बचाने और घटना का विरोध करने की कोशिश की, तब संजू कुमारी और मंजू कुमारी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उसकी बहन पर हमला कर दिया। इस हमले में युवती घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

मामले की सूचना मिलने के बाद भगवान बाजार स्थित एससी-एसटी थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच भी की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।