Bihar Crime: खूनी हुआ पारिवारिक विवाद, बड़े भाई ने छोटे को हसुआ से काट डाला, वारदात के बाद कर रहा था अंतिम संस्कार की तैयारी
Bihar Crime: बड़े भाई ने धारदार हथियार से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी।
Bihar Crime:रोहतास जिले के नगर थाना क्षेत्र के दलेलगंज में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने धारदार हथियार से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान रोहित पटवा के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी बड़ा भाई रवि पटवा शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच रविवार देर रात किसी पारिवारिक मसले को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि रवि पटवा ने घर में सब्जी काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले हसुआ-फसुल से रोहित पर हमला कर दिया। धारदार हथियार के वार से रोहित गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद भी आरोपी ने पुलिस को सूचना देने के बजाय शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वह बाजार से कफन समेत अंतिम संस्कार का सामान खरीदकर भी ले आया था। इसी बीच घटना की जानकारी पुलिस को मिल गई। नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि पटवा परिवार गोला बाजार में जितिया पर्व के दौरान माला, कलावा, बद्दी समेत पूजा-पाठ की सामग्री बेचने का काम करता है। परिवार की मां ने एक दिन पहले ही जितिया का व्रत रखा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता था। मोहल्लेवासियों का दावा है कि दोनों भाई नशे की हालत में कई बार आपस में मारपीट भी करते थे। हालांकि हत्या की असल वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।
घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लग गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार